बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो जवान घायल, रायपुर एयरलिफ्ट
बीजापुर ( शिखर दर्शन ) // जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। दोनों ओर से रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी में दो जवान घायल हो गए, जिन्हें हेलिकॉप्टर से रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर 11 अगस्त को जवानों को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था। आज सुबह जब सुरक्षाबल जंगल के अंदर पहुंचे, तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में नक्सलियों को भी भारी नुकसान होने की संभावना है, हालांकि सटीक जानकारी ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सामने आ पाएगी। क्षेत्र में अतिरिक्त बल भेजकर नक्सलियों की तलाश जारी है।