पुलिस विभाग में फेरबदल: मारपीट मामले के बाद चारामा थाना प्रभारी हटाए गए

कांकेर (शिखर दर्शन) // जिले के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला ने आदेश जारी करते हुए कई थाना प्रभारियों के तबादले किए हैं। आदेश के अनुसार, चारामा थाना प्रभारी जितेंद्र साहू को उनके पद से हटाकर अजाक थाना कांकेर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह तेज कुमार वर्मा को ताड़ोकी से स्थानांतरित कर चारामा थाना प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा, दिलेश्वर चंद्रवंशी को रक्षित केंद्र से ताड़ोकी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। अच्युतचंद्र तिवारी को जीविशा पुलिस कार्यालय से बड़गांव थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि मनोरमा को रक्षित केंद्र कांकेर से स्थानांतरित कर जीविशा पुलिस कार्यालय कांकेर की जिम्मेदारी दी गई है।
यह फेरबदल उस घटना के बाद हुआ है, जिसमें केशकाल घाट में बस को ठोकर मारने वाले ट्रेलर चालक से चारामा में पुलिसकर्मियों द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई थी। वायरल वीडियो में तत्कालीन टीआई जितेंद्र साहू भी मारपीट में शामिल नजर आए थे। मामले के उजागर होने के बाद एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें चारामा से हटाने का निर्णय लिया।