शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग केस: ईडी की गिरफ्त में चैतन्य बघेल को बुखार, हाईकोर्ट ने जेल में सुविधाएं देने के दिए निर्देश
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की गिरफ्त में जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें बुखार आने के बाद हाईकोर्ट में एक आवेदन प्रस्तुत किया गया। हाईकोर्ट ने स्पेशल कोर्ट के समक्ष डायरेक्शन लेने के साथ जेल अधीक्षक को चैतन्य बघेल को विधि सम्मत सभी चिकित्सकीय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि ईडी ने 18 जुलाई को भिलाई-3 स्थित बघेल निवास से चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन ही गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के खिलाफ चैतन्य पहले सुप्रीम कोर्ट गए, जहां से मिले निर्देश के बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
ईडी के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ में 2,100 करोड़ रुपये का कथित शराब घोटाला हुआ, जिसमें चैतन्य बघेल पर पूरे फंड मैनेजमेंट का आरोप है। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके पुत्र दोनों को आरोपी बनाया गया है।



