धूमधाम से मनाया जाएगा रक्षाबंधन: बाबा बैजनाथ मंदिर जाएंगे CM डॉ. मोहन, उज्जैन में होंगे शामिल, महिलाओं को बसों में फ्री सफर

भोपाल (शिखर दर्शन) // भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन आज पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुख, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करेंगी। शुभ मुहूर्त सुबह 5:40 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा।
सीएम डॉ. मोहन का उज्जैन और आगर मालवा दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रक्षाबंधन के मौके पर उज्जैन और आगर मालवा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:35 बजे आगर मालवा पहुंचकर बाबा बैजनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे और रक्षाबंधन व श्रावण माह के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण समारोह में भी भाग लेंगे। दोपहर 3 बजे वे आगर मालवा से उज्जैन रवाना होंगे और वहां रक्षाबंधन से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री
रक्षाबंधन पर भोपाल नगर निगम ने महिलाओं को विशेष तोहफा दिया है। BCLL की बसों में महिलाओं से रात 9 बजे तक कोई किराया नहीं लिया जाएगा। निगम के इस फैसले से बहनों को अपने भाइयों के पास पहुंचने में आसानी होगी और त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी।