रायपुर संभाग

मानसून ब्रेक खत्म, प्रदेश में फिर जोर पकड़ सकती है बारिश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में जारी मानसून ब्रेक की स्थिति अब समाप्त हो गई है और एक बार फिर बारिश के रफ्तार पकड़ने के आसार बन गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका का पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति से थोड़ा दक्षिण की ओर खिसक गया है, जिससे वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है और 12 अगस्त से व्यापक वर्षा की संभावना जताई जा रही है।

पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस बढ़ने लगी थी, जिससे लोगों को असहजता महसूस हो रही थी। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि अब ब्रेक की स्थिति हटने से मानसून की सक्रियता में तेजी आई है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम आधे घंटे तक तेज बारिश हुई, जबकि बस्तर के ओरछा में 12 सेमी, बस्तर, कुसमी, कोहकामेटा, करपावंड, वाड्रफनगर, मैनपुर में 7-7 सेमी, कुनकुरी में 6 सेमी और बकवंड, कट कल्याण, छोटा डोंगर, चलगली, जगदलपुर में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा करीब दो दर्जन स्थानों पर 1 से 4 सेमी तक पानी बरसा।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम से बढ़ेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, चंडीगढ़, देहरादून, खैरी, पटना, बांकुरा, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। दूसरी द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश होते हुए बिहार, झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से तक फैली है। इन प्रणालियों के असर से 12 अगस्त से प्रदेश में कई जगहों पर भारी और व्यापक वर्षा होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!