रक्षाबंधन पर राज्यपाल डेका व CM साय की शुभकामनाएं, बगिया जाएंगे मुख्यमंत्री; आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं से राखी बंधवाएंगे गृहमंत्री शर्मा, दुर्ग-रायगढ़ के बीच स्पेशल ट्रेन, भोजली महोत्सव में शामिल होंगे भूपेश बघेल, बिलासपुर संभाग की मितानिन हड़ताल पर

रायपुर (शिखर दर्शन) // रक्षाबंधन पर्व पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल डेका ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह और प्रेम का प्रतीक है, जो पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली लेकर आए।
मुख्यमंत्री साय ने रक्षाबंधन को भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का द्योतक बताते हुए कहा कि यह केवल पारंपरिक त्योहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, प्रेम, करुणा और दायित्वबोध का प्रतीक भी है। उन्होंने प्रदेश की बेटियों, बहनों और मातृशक्ति को विशेष बधाई दी और महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा व सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
आज बगिया जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृहग्राम बगिया (जशपुर) के दौरे पर जाएंगे। सुबह 11 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से रवाना होकर वे दोपहर 12.35 बजे बगिया पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं से राखी बंधवाएंगे गृहमंत्री
उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा बस्तर में रक्षाबंधन मनाएंगे। दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के दौरे के दौरान वे आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं और दंतेश्वरी फाइटर्स की कमांडो से राखी बंधवाएंगे। इस मौके पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और पुनर्वास को लेकर विशेष कार्यक्रम होगा।
दुर्ग-रायगढ़ के बीच स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष सुविधा देते हुए दुर्ग-रायगढ़ के बीच स्पेशल लोकल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 8 सामान्य डिब्बों वाली मेमू ट्रेन का परिचालन आज और कल किया जाएगा।
राष्ट्रीय भोजली महोत्सव में भूपेश बघेल होंगे शामिल
राजधानी रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित इनडोर स्टेडियम में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय भोजली महोत्सव का आयोजन होगा। दोपहर 1 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे।
बिलासपुर संभाग की मितानिन आज हड़ताल पर
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य मितानिन संघ की हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी है। 7 अगस्त से शुरू हुए संभाग स्तरीय आंदोलन के तहत आज बिलासपुर संभाग की मितानिन महिलाएं हड़ताल पर हैं। उनकी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर नया रायपुर के तूता धरना स्थल में प्रदर्शन किया जा रहा है। 10 अगस्त को सरगुजा और 11 अगस्त को बस्तर संभाग की मितानिन महिलाएं आंदोलन में शामिल होंगी।