मुख्यमंत्री निवास में भाजपा का उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह: 200 से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

भाजपा के सदस्यता अभियान की ऐतिहासिक सफलता पर सीएम निवास में सम्मान समारोह, 60 लाख सदस्य बनाकर रचा नया कीर्तिमान
विशेष संवाददाता की रिपोर्ट:
रायपुर (शिखर दर्शन) // भारतीय जनता पार्टी के “संगठन महापर्व: सदस्यता अभियान” की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में शनिवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भव्य सदस्यता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में 200 से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित सदस्यता लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा का परिचय दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि 60 लाख प्राथमिक व 65 हजार सक्रिय सदस्य बनाना किसी गौरव से कम नहीं। यह अभियान पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव और सक्रिय सदस्यता अभियान प्रमुख संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाया गया।
सीएम साय ने कहा कि यह अभियान सिर्फ आंकड़ों की सफलता नहीं है, बल्कि यह संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएं।
किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं के परिश्रम को बताया ऐतिहासिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिए गए 60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने पर सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि चार लगातार चुनावों में भाजपा को मिले अपार जनसमर्थन के पीछे कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण है। उन्होंने सभी से इसी ऊर्जा के साथ भविष्य में भी संगठन के विस्तार में जुटे रहने का आह्वान किया।
दो-तिहाई बहुमत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि मेहनत और समर्पण के बल पर कार्यकर्ताओं ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि अगली बार राज्य और केंद्र में दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनाना हमारा संकल्प है।
अभियान प्रभारी ने रखे दिलचस्प आंकड़े
प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि अभियान की शुरुआत के पहले 10 दिनों में 2.69 लाख सदस्य बनाए गए। 86वें दिन तक 60 लाख सदस्यता का आंकड़ा पार कर लिया गया। इनमें से 40 लाख सदस्य ऑनलाइन और 20 लाख ऑफलाइन माध्यम से बने। वर्गीय आंकड़ों में ओबीसी वर्ग से 54%, सामान्य व अनुसूचित जाति से 18-18%, अनुसूचित जनजाति से 9%, महिलाएं 20% और पुरुष 80% सदस्य बने।
आयु वर्ग के अनुसार सदस्यता
- 18-25 वर्ष: 30%
- 26-35 वर्ष: 33%
- 36-50 वर्ष: 26%
- 51-65 वर्ष: 9%
- 65 वर्ष से ऊपर: 2%
1,000 से लेकर 20,000 से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं की विस्तृत सूची भी जारी की गई, जिसमें 6 ऐसे समर्पित कार्यकर्ता शामिल हैं जिन्होंने 20,000 से अधिक सदस्य बनाए।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ने बढ़ाया आयोजन का स्वाद
समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री निवास में सभी उपस्थित अतिथियों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन जैसे ठेठरी, खुरमी, चीला, फरा, बरा आदि परोसे गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर सभी को बधाई दी।
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही उल्लेखनीय
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, अजय जम्वाल, पवन साय, संजय श्रीवास्तव सहित पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, आईटी सेल के सदस्य सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह आयोजन भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक मजबूत कदम और समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार का प्रतीक बन गया।