दिल्ली

केंद्रीय गृह मंत्री ने की छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना: सीएम साय ने अमित शाह को नक्सल उन्मूलन अभियानों और उपलब्धियों की दी जानकारी

छत्तीसगढ़ में माओवादी उन्मूलन पर मुख्यमंत्री साय ने दी जानकारी, अमित शाह ने सराहा प्रयास
अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी हुई चर्चा

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, माओवादी चुनौती से निपटने की रणनीति, और बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने अमित शाह को राज्य में चल रहे माओवादी विरोधी अभियानों की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक 33 बड़ी मुठभेड़ों में शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी न्यूट्रलाइज किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 1,554 माओवादी गिरफ्तार हुए हैं और 1,588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार “समन्वित विकास और सुरक्षा” की नीति के तहत माओवादी प्रभाव को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में कार्य कर रही है। सड़कों के निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा तक पहुंच जैसे विकास कार्यों से प्रभावित इलाकों में सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। इन प्रयासों की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों को “ऐतिहासिक” करार दिया। उन्होंने माओवादी उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 1 नवंबर 2025 से आयोजित होने वाले “अमृत रजत महोत्सव 2025” की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि, सामाजिक एकता और आर्थिक उपलब्धियों को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक अवसर होगा। आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्य सरकार विशेष योजना के तहत काम कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने बैठक के अंत में बस्तर के विकास और सुरक्षा में निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार भी प्रकट किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!