Russia Earthquake Live Update: रूस में 8.8 तीव्रता का भूकंप, जापान में 16 जगहों पर 4 मीटर ऊंची सुनामी, कैलिफोर्निया और हवाई में आपातकाल मचा हड़कंप

कामचटका (रूस) // रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचटका में आज सुबह 8.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने आधी धरती को हिलाकर रख दिया है। इस भूकंप के बाद जापान से लेकर कैलिफोर्निया तक कई क्षेत्रों में सुनामी का खतरा पैदा हो गया है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनामी की लहरें पहले ही जापान के तटों तक पहुंच चुकी हैं, जहां 16 जगहों पर सुनामी का असर देखा गया है। समुद्र में 4 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिसके कारण जापान ने अपने फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली करा लिया है।
सुनामी के कारण जापान के तटों पर व्हेल मछलियां बहकर आ गई हैं, जो इस प्राकृतिक आपदा की गंभीरता को दर्शाती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी रूस में आए इस भूकंप और उससे उत्पन्न सुनामी के खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया है और सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है। कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने बताया कि हवाई, चिली, जापान, सोलोमन आइलैंड समेत आसपास के क्षेत्र में 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। रूस में भूकंप के बाद होनोलूलू और हवाई में समुद्र तट से लोग वापस लौट रहे हैं और अधिकारियों ने हवाई के समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है। यूएस सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने इक्वाडोर में भी तीन मीटर से ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई है।
अमेरिका के हवाई में इमरजेंसी घोषित
कामचटका में आए इस शक्तिशाली भूकंप के बाद हवाई राज्य में सुनामी का खतरा गंभीर हो गया है। हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने तुरंत इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। स्थानीय समयानुसार पहली सुनामी की लहर शाम 7:10 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 10:40 बजे) आने की संभावना है। गवर्नर ने लोगों से अपील की है कि वे तत्काल तटीय इलाकों को छोड़कर ऊंची और सुरक्षित जगहों पर चले जाएं और किसी भी परिस्थिति में इंतजार न करें। हवाई के बिग आइलैंड पर एक क्रूज जहाज ने अपने यात्रियों को वापस बुला लिया है, वहीं पुलिस ने तटीय इलाके खाली कराने का निर्देश दिया है।
इन देशों और क्षेत्रों पर भी सुनामी का खतरा
अमेरिकी समोआ, एंटार्कटिका, कोलंबिया, कुक आइलैंड्स, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, फिजी, गुआम, गुआटेमाला, होलैंड एंड बेकर, इंडोनेशिया, कैर्मेडिस आइलैंड, किरीबाटी, मार्शल आइलैंड, मेक्सिको, न्यूजीलैंड, निकारागुआ, पलाऊ, पनामा, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, फिलीपींस, ताइवान, टोन्गा, वानुअतु सहित कई अन्य क्षेत्र भी सुनामी की चपेट में आ सकते हैं।
कामचटका में इस महीने पहले भी भूकंप आ चुके हैं
हाल ही में जुलाई महीने में कामचटका के पास समुद्र में पांच शक्तिशाली भूकंप आए थे, जिनमें सबसे तेज़ की तीव्रता 7.4 थी। भूकंप का केंद्र समुद्र की सतह से लगभग 20 किलोमीटर नीचे था। ऐतिहासिक रूप से, 4 नवंबर 1952 को भी कामचटका में 9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था। उस समय हवाई में 9.1 मीटर ऊंची लहरें उठीं, लेकिन कोई जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।
यह घटना भूकंप और सुनामी की आपदा के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता को पुनः रेखांकित करती है। संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन और लोग सावधानी बरतते हुए हर संभव तैयारी कर रहे हैं।