रायपुर संभाग

मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का जवाब: “जब ज़रूरत होगी, सीएम तय करेंगे”भोरमदेव में जलाभिषेक के लिए मुख्यमंत्री साय रवाना, विजय शर्मा और रमन सिंह भी हुए शामिल

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सधे हुए शब्दों में जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि इस विषय में घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा, “कुछ ना कुछ पद तो खाली होते ही हैं, जब ज़रूरत होगी, मुख्यमंत्री तय करेंगे। मंत्रिमंडल बना हुआ है और सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। इतनी छटपटाहट क्यों है?” उन्होंने कहा कि सरकार स्थिरता और कार्यकुशलता के साथ आगे बढ़ रही है।

पंचायतों में घुसपैठ रोकने नई योजना: ‘पलायन पंजी’ पर विचार

गृहमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे विजय शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार पंचायत स्तर पर घुसपैठ पर रोक लगाने के लिए एक नई व्यवस्था पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंचायतों में पहले से 16 प्रकार की पंजियां रखी जाती हैं, जिनमें अब एक नई ‘पलायन पंजी’ या ‘श्रमवीर पंजी’ जोड़ी जा सकती है। इस पंजी में गांव में पहले से रह रहे लोगों की सूची अलग और बाद में आने वालों की सूची अलग बनाई जाएगी। उन्होंने कहा, “गांवों में बाहरी लोगों की घुसपैठ बढ़ रही है, जिसे नियंत्रित करने के लिए यह कदम ज़रूरी है।”

अधिकारियों के दुर्व्यवहार पर सख्ती: डिप्टी सीएम का स्पष्ट संदेश

नारायणपुर में अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के आरोपों पर विजय शर्मा ने सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर कोई अधिकारी जनप्रतिनिधियों या आम नागरिकों से दुर्व्यवहार करता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह सिर्फ राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।” सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

तोमर बंधुओं पर कार्रवाई की शुरुआत, आगे और कड़े कदम

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि तोमर बंधुओं के ठिकानों पर चल रही कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “यह तो केवल शुरुआत है। आगे भी न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार कानून के दायरे में रहकर सभी जरूरी कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भोरमदेव मंदिर का रुख, किया जलाभिषेक

सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कवर्धा स्थित भगवान भोरमदेव मंदिर के लिए रवाना हुए। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे। रायपुर पुलिस लाइन स्थित स्टेट हैंगर में “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री भोरमदेव मंदिर में भगवान का जलाभिषेक करेंगे और श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री बेमेतरा के लिए रवाना होंगे, जहां वे विभिन्न विकासात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!