मध्यप्रदेश

वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई विधानसभा की कार्यवाही: दिवंगतों व पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि, संसदीय कार्य मंत्री ने दी सावन की बधाई

भोपाल (शिखर दर्शन) //
मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही शुक्रवार से वंदे मातरम् के गान के साथ प्रारंभ हो गई। सत्र के पहले दिन की शुरुआत दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसमें पूर्व विधायकों के साथ गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पहलगाम आतंकी हमले में शहीद नौसेना अधिकारी, पर्यटक, और अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे में मृत छात्रों एवं यात्रियों को श्रद्धांजलि दी गई।

सत्र की शुरुआत में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी विधायकों को सावन माह की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विधानसभा सचिवालय द्वारा अपनाए जा रहे ड्रेस कोड का उल्लेख करते हुए कहा कि धीरे-धीरे संसद की परंपराओं को विधानसभा में भी लागू किया जा रहा है।

हेमंत खंडेलवाल को मिला नई सीट का सम्मान

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को विधानसभा में पहली पंक्ति में स्थान दिया गया है। वे अब कुर्सी क्रमांक 46 पर बैठेंगे, जो अध्यक्षीय पद की गरिमा को दर्शाता है।

विधायकों ने 3377 सवाल किए प्रस्तुत

सत्र में विधायकों ने कुल 3377 सवाल पूछे हैं। इनमें 2000 से अधिक सवाल ऑनलाइन माध्यम से पूछे गए, जबकि 1301 सवाल ऑफलाइन दर्ज किए गए। इसके अलावा 226 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, 23 अशासकीय संकल्प और 65 शून्यकाल की सूचनाएं भी विधायकों द्वारा प्रस्तुत की गई हैं। विधानसभा में नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक को लेकर विपक्ष के हंगामे के आसार हैं।

12 दिवसीय सत्र में 10 बैठकें

यह मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरू होकर 8 अगस्त तक चलेगा। कुल 12 दिनों के सत्र में 10 बैठकें होंगी। 2 और 3 अगस्त को क्रमशः शनिवार और रविवार का अवकाश रहेगा। इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तुत करेगी, साथ ही अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।

यह सत्र राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस और जोरदार हमलों की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!