दुर्ग संभाग

हरनाबांधा तालाब कब्जाधारियों के खिलाफ निगम की सख्त कार्रवाई, पुलिस फोर्स के साथ नोटिस थमाने जाएगा अमला

दुर्ग (शिखर दर्शन) // एनजीटी के आदेश के बाद दुर्ग निगम प्रशासन हरनाबांधा तालाब के कब्जाधारियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाने जा रहा है। कुल 254 कब्जाधारियों को जगह खाली करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निगम के कर्मचारी अब तक दो बार नोटिस देने पहुंचे, लेकिन कब्जाधारियों के विरोध के कारण बिना नोटिस थमाए लौटना पड़ा। कब्जाधारियों को पार्षद और स्थानीय लोग समर्थन दे रहे हैं, जिसके चलते निगम अमला बिना पुलिस फोर्स के कोई कार्रवाई करने में असमर्थ रहा।

अब सोमवार 28 जुलाई को पुलिस फोर्स के साथ निगम का अमला मौके पर जाकर नोटिस थमाएगा। पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी भी व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीते गुरुवार को निगम अमला विरोध के कारण खाली हाथ वापस आया था। इसके बाद कब्जाधारियों ने पार्षद के नेतृत्व में पहले आयुक्त सुमीत अग्रवाल, फिर कलेक्टर अभिजीत सिंह से मिलकर कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया, लेकिन प्रशासन ने यह मांग खारिज कर दी।


दुर्ग में पुलिस कर्मियों ने महिला की जान बचाई, एसएसपी ने किया सम्मानित

दुर्ग (शिखर दर्शन) // महमरा एनीकेट क्षेत्र में डायल 112 की टीम ने एक आत्महत्या की कोशिश कर रही महिला को शिवनाथ नदी से सुरक्षित निकालकर उसकी जान बचाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने इस साहसिक कार्य के लिए आरक्षक हरीश राव, आरक्षक जी राम और चालक सौरभ कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। घटना 25 जुलाई की है, जब दुर्ग थाना क्षेत्र की ईआरवी टीम ने नदी में बह रही महिला को खतरे से बचाया।


भिलाई पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

भिलाई (शिखर दर्शन) // थाना नेवई पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.238 किलोग्राम गांजा, दो वाहन और तीन मोबाइल जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में सुजल सिंह, सोनू साहू उर्फ शेखर और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी अभिषेक को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


कुम्हारी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को हैदराबाद से किया गिरफ्तार

भिलाई (शिखर दर्शन) // कुम्हारी थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को बरामद कर परिजनों को सौंपा गया। आरोपी 19 वर्षीय युवक को हैदराबाद से गिरफ्तार कर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया। पुलिस ने एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाया और कानूनी कार्रवाई की।


व्यापमं परीक्षा में नियमों के कारण परीक्षार्थियों को परेशानी, कुछ वंचित भी

दुर्ग (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में कड़े नियमों और जानकारी की कमी के कारण कई परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे सके। डार्क कलर के कपड़े पहनने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिला। वैशाली नगर कॉलेज में समय पर पहुंचे कई उम्मीदवारों को भी प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। जिले में 25,496 परीक्षार्थियों के लिए 70 केंद्र बनाए गए थे।


शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण में बड़ी त्रुटियां, स्थानांतरण में झेलनी पड़ रही परेशानी

दुर्ग (शिखर दर्शन) // शालेय शिक्षक संघ के अनुसार, युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में गंभीर गलतियां हुई हैं, जिससे शिक्षकों को गलत विभाग में स्थानांतरण और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक मामले में कला विषय की शिक्षिका का नाम हिंदी अतिशेष में डाला गया, जिससे उन्हें स्थानांतरण की समस्या हुई। कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षिका को सही विभाग में शामिल किया गया।


सेल ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में दर्ज किया 273 फीसदी लाभ वृद्धि

भिलाई (शिखर दर्शन) // स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी ने 273 फीसदी की लाभ वृद्धि दर्ज की है। बेहतर प्रचालन दक्षता, नकदी प्रवाह और घरेलू बाजार की मजबूत मांग के चलते सेल का प्रदर्शन शानदार रहा। सरकार की सेफगार्ड ड्यूटी ने भी कंपनी को लाभ पहुंचाया है।


दुर्ग में आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए आवेदन 29 जुलाई तक मांगे जाएंगे

दुर्ग (शिखर दर्शन) // एकीकृत बाल विकास परियोजना-शहरी के तहत पचरी पारा वार्ड 28 में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों के लिए आवेदन 15 से 29 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित वार्ड की स्थायी निवासी होनी चाहिए। न्यूनतम योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है।


भारतीय सेना भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, वेबसाइट पर देखें सूची

दुर्ग (शिखर दर्शन) // भारतीय सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के अधीन जून-जुलाई 2025 में आयोजित ऑनलाइन संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। सफल उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। परीक्षा में अग्निवीर, तकनीकी, क्लर्क, ट्रेडमैन, महिला सैन्य पुलिस, धार्मिक शिक्षक, नर्सिंग सहायक जैसे पदों के लिए चयन हुआ है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!