MP Morning Bulletin: सीएम मोहन यादव का विदेश दौरा आज समाप्त, जबलपुर में भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल का भव्य स्वागत, सरकारी नौकरी की भर्ती प्रणाली में होंगे बड़े बदलाव

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पेन प्रवास का आज अंतिम दिन है। बार्सिलोना में अपने चौथे दिन के दौरे में सीएम यादव विश्वविख्यात सांस्कृतिक और स्थापत्य धरोहरों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे प्रकृति और वास्तुकला के अद्भुत संगम पार्क गुएल, विश्व प्रसिद्ध सागरादा फैमिलिया चर्च, और पिकासो संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। यह यात्रा न केवल सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि मध्यप्रदेश में रचनात्मक उद्योग और कला क्षेत्र में संभावनाओं को तलाशने की दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है। दिन के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव बार्सिलोना से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
जबलपुर में आज रहेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल आज 19 जुलाई को जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। दौरे के दौरान वे विभिन्न आयोजनों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन की रणनीति को धार देंगे।
दौरे का कार्यक्रम इस प्रकार है:
- दोपहर 2:10 बजे: अंधमुख बधिर बायपास चौराहे से भव्य स्वागत रैली में होंगे शामिल
- शाम 4:00 बजे: मानस भवन में आयोजित विशेष संगठनात्मक कार्यक्रम में भाग लेंगे
- रात 8:30 बजे: पूर्व सांसद जयश्री बेनर्जी के निवास पर कार्यकर्ताओं से संवाद
- रात 9:00 बजे: पूर्व सांसद रविनंदन सिंह के निवास पर संगठनात्मक बैठक
- रात 9:30 बजे: पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के साथ संगठन और क्षेत्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श
सरकारी नौकरी भर्ती प्रक्रिया में होंगे बड़े बदलाव, एकीकृत परीक्षा प्रणाली लागू होगी
प्रदेश में सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए मप्र कर्मचारी चयन मंडल ने नई प्रणाली का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। अब तक विभिन्न विभागों की भर्तियों के लिए 30 से अधिक परीक्षाएं होती थीं, लेकिन नई व्यवस्था में केवल चार एकीकृत परीक्षाएं होंगी। इससे उम्मीदवारों को बार-बार आवेदन और परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी।
प्रस्तावित प्रणाली के तहत विभिन्न विभागों के पदों के लिए एक ही परीक्षा होगी, जिससे एकीकृत मेरिट सूची तैयार की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए भर्ती नियमों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि चयन प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और मेधावी उम्मीदवारों के अनुकूल बन सकेगी।
