पंचतत्व में विलीन हुए ब्रह्मानंद यादव: CM डॉ. मोहन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, डिप्टी सीएम सहित BJP-RSS नेताओं ने दी अंतिम विदाई
रीवा ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद यादव बुधवार को रीवा में पंचतत्व में विलीन हो गए। रीवा जिले में विधिविधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदेश दौरे पर होने के कारण अंतिम संस्कार में शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की।
ब्रह्मानंद यादव का मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के विवेकानंद नगर स्थित आवास पर 98 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले महीने उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार के बाद उन्हें घर लाया गया था, लेकिन मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाने की तैयारी हो रही थी, तभी उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर रीवा लाया गया, जहां बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में लिखा— “मां भारती की सेवा में संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले, परम पूज्य ससुर श्रद्धेय ब्रह्मानंद यादव जी का देवलोकगमन अत्यंत दुखद है। आपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए न्यौछावर किया। आप एक शिक्षक थे, जिन्होंने कार्यनिष्ठा और जीवन मूल्यों की शिक्षा दी। इस अपार शोक के समय में भी, आपकी शिक्षा को आत्मसात करते हुए मैं प्रदेश के विकास हेतु विदेश दौरा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

रीवा रही ब्रह्मानंद यादव की कर्मभूमि
रीवा शहर से ब्रह्मानंद यादव का जीवन गहराई से जुड़ा रहा। लगभग 45 वर्षों तक वे रीवा में निवासरत रहे और यहीं से उन्होंने समाजसेवा और पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाया। वे एक शिक्षक के रूप में न केवल शिक्षा जगत से जुड़े रहे, बल्कि सामाजिक चेतना के निर्माण में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
प्रदेशभर से श्रद्धांजलि संदेश
ब्रह्मानंद यादव के निधन की खबर फैलते ही प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा, संघ, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। रीवा में उनके आवास पर दिनभर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।
पार्टी नेतृत्व और संगठन ने जताया दुख
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ब्रह्मानंद यादव के जीवन को प्रेरणादायी बताया और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की।
ब्रह्मानंद यादव का जीवन एक आदर्श शिक्षक, राष्ट्रनिष्ठ सेवक और सामाजिक सजगता से जुड़ा रहा। उनका निधन न केवल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए, बल्कि संपूर्ण प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
