सरकारी महिला वकील रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई, लोकायुक्त ने 15 हजार की रिश्वत लेते दबोचा

जबलपुर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लोकायुक्त पुलिस ने सिविल लाइन क्षेत्र की निवासी और सरकारी वकील कुक्कू दत्त को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। महिला वकील पर आरोप है कि उसने एक केस की पैरवी करने के एवज में फरियादी से यह राशि मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, फरियादी बिहारी लाल के केस की पैरवी के लिए राज्य शासन द्वारा महिला वकील की नियुक्ति की गई थी। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि नियुक्त सरकारी वकील किसी भी परिस्थिति में पीड़ित पक्ष से पैसे की मांग नहीं कर सकता। इसके बावजूद वकील कुक्कू दत्त ने पीड़ित से 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह केस में पैरवी नहीं करेगी, जिससे केस हारने की नौबत आ सकती है।
पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने निर्धारित रकम महिला वकील को सौंपी, लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल आरोपी महिला वकील के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद न्याय व्यवस्था में बैठे कुछ भ्रष्ट तत्वों पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।