मध्यप्रदेश में फिर मूसलधार बारिश का अलर्ट, 18 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अब तक सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मंगलवार की हल्की बारिश के बाद आज प्रदेश में एक मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 18 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
वहीं गुना, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 4 इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है। शेष जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों जैसे जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अब तक औसत से 86% अधिक वर्षा हो चुकी है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में 57% अधिक बारिश दर्ज की गई है। अब तक पूरे प्रदेश में 18.5 इंच औसतन वर्षा हो चुकी है, जो कि सामान्य से 72% अधिक है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
