शुभांशु शुक्ला की धरती पर वापसी आज: 28 हजार किमी/घंटा की रफ्तार से लौट रहा ड्रैगन कैप्सूल, दोपहर 3 बजे कैलिफोर्निया तट पर होगा स्प्लैशडाउन

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की धरती पर वापसी का काउंटडाउन शुरू हो गया है। Axiom-4 मिशन के तहत शुभांशु का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से जुड़ाव खत्म कर 14 जुलाई की शाम 4:45 बजे पृथ्वी के लिए रवाना हुआ था। अब यह स्पेसक्राफ्ट 28,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धरती की ओर बढ़ रहा है और आज यानी 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे कैलिफोर्निया के तट पर समुद्र में सुरक्षित लैंडिंग (स्प्लैशडाउन) करेगा।
इस ऐतिहासिक वापसी से पहले कई तकनीकी चुनौतियां और मौसम की बाधाएं सामने आईं, लेकिन सभी कठिनाइयों को पार करते हुए मिशन सफलता की ओर बढ़ रहा है। स्पेसक्राफ्ट की रिएंट्री के समय इसका तापमान 2,500 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जिसे हीट शील्ड द्वारा नियंत्रित किया जाएगा।
18 दिन की अंतरिक्ष यात्रा के दौरान शुभांशु शुक्ला ने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोगों में भाग लिया, जिनमें भारत के 7 प्रयोग शामिल हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में बीजों को उगाया, हड्डियों की सेहत पर अध्ययन किया, और स्पेस माइक्रोएल्गी जैसे महत्वपूर्ण प्रयोग किए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लाइव संवाद किया और छात्रों को विज्ञान व अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति प्रेरित करने के लिए कई कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
Axiom-4 मिशन एक प्राइवेट स्पेस मिशन है, जिसे Axiom Space, NASA, ISRO और SpaceX की साझेदारी में संचालित किया गया। भारत ने इस मिशन की एक सीट के लिए 548 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
पूरे देश की नजरें अब कैलिफोर्निया के तट पर हैं, जहां दोपहर में शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित वापसी के साथ भारत का अंतरिक्ष इतिहास एक नई ऊंचाई छूने वाला है।



