रायपुर संभाग

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, सरगुजा और बिलासपुर में 3 दिन तक होगी भारी बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, 16 से 18 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेशवासियों को उमस और गर्मी से जल्द ही राहत मिलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्नदाब प्रणाली के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में 16 जुलाई से 18 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर का हाल

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। तापमान 26 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

कहां बन रहा है सिस्टम?

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, दक्षिण-पूर्व गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर एक चिन्हित निम्नदाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में और अधिक सक्रिय होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा, मानसून द्रोणिका भी राजस्थान, मध्यप्रदेश, झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जो छत्तीसगढ़ में वर्षा की संभावना को और प्रबल बनाती है।

इन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी

16 से 18 जुलाई के बीच सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं, अंधड़, वज्रपात और मध्यम बारिश की संभावना है।

ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित

मौसम विभाग ने कई जिलों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है:

ऑरेंज अलर्ट:
उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, दुर्ग, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।

यलो अलर्ट:
बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

बीते 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सावधानी जरूरी:
तेज बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!