दुर्ग संभाग

एक ही रात में 12 मकानों में चोरी, ACC सीमेंट प्लांट कॉलोनी में करोड़ों की चोरी से हड़कंप , सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दुर्ग (शिखर दर्शन) // जिले के नंदिनी रोड स्थित एसीसी सीमेंट प्लांट, जामुल की कॉलोनी में रविवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने कॉलोनी के करीब 12 मकानों को निशाना बनाते हुए करोड़ों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जिन मकानों में चोरी हुई है, उनमें प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संगठित चोर गिरोह के संलिप्त होने का संदेह है, क्योंकि वारदात का तरीका बेहद सुनियोजित और व्यवस्थित रहा।

सुनियोजित तरीके से की गई वारदात
कॉलोनी में एक साथ 12 मकानों में हुई चोरी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह किसी अकेले चोर का काम नहीं है, बल्कि एक गिरोह ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया है। चोर हर मकान में घंटों तक ठहरे और बारीकी से तलाशी लेकर सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। लगभग हर मकान में 2 से 3 अलमारियां तोड़कर चोरी की गई है।

1 से 1.5 करोड़ तक पहुंच सकता है नुकसान
छावनी थाना पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक रूप से आठ मकानों की जांच में करीब 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है, जबकि शेष चार मकान प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों के हैं, जिनकी जांच के बाद कुल चोरी की रकम 1 से 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

कॉलोनीवासियों में आक्रोश, मैनेजमेंट पर लगाए आरोप
इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों ने कहा कि कॉलोनी की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से प्लांट मैनेजमेंट की है। एक ही रात में इतने बड़े स्तर पर चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। लोगों का आरोप है कि चोरों को सूने मकानों की जानकारी अंदर से दी गई है, क्योंकि सभी मकान एक-दूसरे से दूरी पर हैं और फिर भी सभी को निशाना बनाया गया।

कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि किस अधिकारी-कर्मचारी का घर खाली है, इसकी जानकारी सिर्फ सिक्योरिटी टीम के पास होती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक की बात सामने आ रही है और प्लांट प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस जुटी जांच में, कॉलोनी में बढ़ाई गई सुरक्षा
फिलहाल पुलिस इस संगठित चोरी के मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। कॉलोनी में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। कॉलोनी के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!