मध्यप्रदेश

CM डॉ. मोहन यादव का विदेश दौरे का दूसरा दिन: दुबई में आज निवेश और साझेदारी को लेकर करेंगे महत्वपूर्ण बैठकें

दुबई में निवेश को लेकर सक्रिय हुए CM डॉ. मोहन यादव: वैश्विक कंपनियों और नीति निर्माताओं से करेंगे संवाद, ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ बिजनेस फोरम में देंगे संबोधन

भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी दुबई यात्रा के दूसरे दिन 14 जुलाई को मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों को लेकर उद्योग जगत, वैश्विक कंपनियों और नीति निर्माताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान वे उद्योग, तकनीक, टेक्सटाइल, ग्रीन एनर्जी और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं को लेकर एक के बाद एक अहम बैठकों में शामिल होंगे।

दिन की शुरुआत में मुख्यमंत्री भारतीय कौंसुल जनरल से शिष्टाचार भेंट कर यूएई में भारत के व्यापारिक हितों और सहयोग की दिशा पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वे द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (TiE) के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मिलकर स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में संभावनाओं पर संवाद करेंगे।

एयर कनेक्टिविटी और ग्रीन एनर्जी पर होगी बातचीत
मुख्यमंत्री की एमिरेट्स एयरलाइंस के अधिकारियों से प्रस्तावित बैठक में एयर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विचार होगा। वे ग्रीन एनर्जी की अग्रणी कंपनी ग्रू एनर्जी और जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (JITO) के प्रतिनिधियों से मिलकर सतत विकास पर मध्यप्रदेश की प्राथमिकताएं साझा करेंगे।

यूएई के विदेश व्यापार मंत्री से अहम बैठक
दोपहर बाद डॉ. यादव यूएई के विदेश व्यापार मामलों के मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ियोदी से मुलाकात करेंगे। यह बैठक भारत-यूएई द्विपक्षीय व्यापार सहयोग को नई ऊंचाई देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री इसके बाद टेक्समस एसोसिएशन परिसर का दौरा करेंगे और दुबई टेक्सटाइल सिटी में उत्पादन और निर्यात गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे एक इंटरेक्टिव सत्र और नेटवर्किंग लंच में भाग लेंगे, जहां पीएम मित्रा पार्क जैसी योजनाएं प्रस्तुत की जाएंगी।

लुलु ग्रुप और टाटा मिडिल ईस्ट से निवेश पर बातचीत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव लुलु ग्रुप, सराफ डीजी, ईसा एआई अल गुरैर ग्रुप, गल्फ इस्लामिक इन्वेस्टमेंट्स, जी42 इंडिया और टाटा संस मिडिल ईस्ट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे और मध्यप्रदेश में संभावित निवेश क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे।

‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ फोरम के साथ होगा समापन
दिन का समापन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश दुबई बिजनेस फोरम एंड नेटवर्किंग डिनर’ के साथ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों को संबोधित करेंगे और प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को साझा करेंगे। इस फोरम के दौरान पर्यटन क्षेत्र पर विशेष फोकस रखा जाएगा और एक राउंडटेबल मीटिंग का आयोजन भी होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग करेंगे।

यह दौरा मध्यप्रदेश के वैश्विक निवेश मानचित्र पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!