सावन के पहले सोमवार शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़, बीजेपी कार्यालय में संगठनात्मक मंथन, विदेश में निवेश लाने में जुटे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल (शिखर दर्शन) // सावन के पहले सोमवार (14 जुलाई 2025) को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर के शिवालयों में भक्ति और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह चार बजे से ही भक्तों की कतारें लग गईं। बटेश्वर महादेव मंदिर और भोजेश्वर मंदिर जैसे प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। इस बार सावन में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिससे भक्तों में शिव आराधना को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए मंदिरों में बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए।
बीजेपी कार्यालय में बड़ी बैठक, संगठनात्मक रणनीति पर मंथन
भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हो रही है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, सभी जिला अध्यक्ष, संभाग प्रभारी और सैकड़ों पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना, आगामी कार्ययोजनाएं तय करना और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति बनाना है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और संगठन महामंत्री पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे हैं।
विदेश दौरे के दूसरे दिन निवेश और नवाचार पर फोकस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों सात दिवसीय विदेश यात्रा पर हैं और फिलहाल यूएई में मध्यप्रदेश के लिए निवेश और व्यापारिक सहयोग के अवसर तलाश रहे हैं। 14 जुलाई को दौरे के दूसरे दिन उन्होंने भारतीय कॉन्सुल जनरल सतीश कुमार सिवन से मुलाकात की, जिसमें भारत-यूएई व्यापार सहयोग, निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (TiE) के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मुलाकात की और स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर मध्यप्रदेश की योजनाएं साझा कीं। राज्य को स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने के लिए यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने एमिरेट्स एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की, जिसमें मध्यप्रदेश की एयर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। इस पहल से राज्य में निवेश को और गति मिलने की उम्मीद है।
साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्रू एनर्जी जैसी अग्रणी ग्रीन एनर्जी कंपनी और जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (JITO) के प्रतिनिधियों से भी अलग-अलग मुलाकातें कीं। इन बैठकों में ग्रीन हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा और दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदारियों पर चर्चा की गई। राज्य में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने और सतत विकास के लिए यह मुलाकातें बेहद अहम मानी जा रही हैं।
