दिल्ली में बड़ा हादसा: चार मंजिला इमारत ढही, मलबे में 12 लोग फंसे, बचाव कार्य जारी
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट क्षेत्र के सीलमपुर इलाके में शनिवार सुबह एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। ईदगाह रोड स्थित जनता कॉलोनी में यह हादसा सुबह करीब 7:05 बजे हुआ, जब भवन के अंदर लगभग 12 लोग मलबे के नीचे फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की 7 टीमें और दिल्ली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गईं।
फायर विभाग ने बताया कि अब तक 3 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय निवासी भी बचाव कार्य में सक्रिय रूप से मदद कर रहे हैं और हर ईंट को सावधानीपूर्वक हटाकर फंसे हुए लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
फायर विभाग ने चेतावनी दी है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग दबे होने की संभावना बनी हुई है, इसलिए बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की तैयारी की जा रही है। घटना की पूरी जांच कर कारणों का पता लगाया जाएगा।
यह हादसा इलाके में अफरा-तफरी मचा गया है, लेकिन त्वरित बचाव कार्य के चलते लोगों की जान बचाने की उम्मीद बनी हुई है। आगे की कार्रवाई और अपडेट्स के लिए अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।