रायपुर संभाग

राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में CM साय होंगे शामिल, रायपुर में रोजगार मेला आज, ‘तिल का ताड़’ नाटक का होगा मंचन

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर शनिवार, 12 जुलाई को राजनीतिक, प्रशासनिक, रोजगार और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बना रहेगा। जहां एक ओर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में भाग लेंगे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोजगार मेला के तहत देशभर के 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसी के साथ शहर में दिनभर अनेक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे राष्ट्रीय सम्मान समारोह में

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 11:50 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। वहां वे “राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह” में भाग लेंगे और दोपहर 1:00 बजे कार्यक्रम से लौटेंगे।

रोजगार मेले में मिलेगा सरकारी नौकरी का तोहफा

रायपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मंडल द्वारा डब्लूआरएस कॉलोनी के सामुदायिक भवन में सुबह 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

छत्तीसगढ़ के युवाओं को गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, रेल मंत्रालय और डाक विभाग सहित कई मंत्रालयों में टेक्नीशियन, गार्ड, हेल्पर, डॉक्टर, डाक सेवक, सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल जैसे पदों पर नियुक्त किया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

मौसम: बारिश का मिजाज बना रहेगा

छत्तीसगढ़ में आज मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभागों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभागों में अगले 4 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी आकर्षण का केंद्र

  • रुद्राभिषेक: सुबह 9 बजे से ब्रह्मलोक आश्रम, परसदा
  • सहस्त्र जलधारा: श्रीसुरेश्वर महादेव पीठ, खम्हारडीह में वृंदावन एवं काशी के विद्वानों द्वारा महामृत्युंजय जलधारा
  • महामृत्युंजय हवन: शाम 6 से 7 बजे तक सत्य दर्शन योग आश्रम, जीई रोड
  • नाट्य मंचन: डॉ. शंकर शेष लिखित नाटक ‘तिल का ताड़’ का मंचन, रंगमंदिर गांधी चौक, शाम 7 बजे
  • मंगल कलश यात्रा: श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ वृंदावन के संत चिन्मयानंद महाराज की उपस्थिति में। यह यात्रा चौबे कॉलोनी से समता कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर तक निकाली जाएगी। कथा सप्ताह 18 जुलाई तक चलेगा।

रायपुर आज आध्यात्मिक चेतना, रोजगार अवसर और प्रशासनिक गतिविधियों का एक संगम बनेगा, जिससे शहर की ऊर्जा और नागरिकों की भागीदारी चरम पर होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!