कवर्धा में बड़ा हादसा: खाई में गिरी बोर वाहन, 4 की मौत, 8 अब भी दबे, रेस्क्यू जारी

कवर्धा (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही बोर वाहन कुकदूर थाना क्षेत्र के अगरपानी चाटा में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 8 लोग अब भी वाहन के नीचे दबे हुए हैं। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद अब तक चार शवों को बाहर निकाला गया है। वाहन के नीचे फंसे अन्य लोगों को निकालने के प्रयास तेज़ी से किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वाहन बोरवेल खनन कार्य से जुड़ा था और मजदूरों को लेकर जा रहा था।
गंभीर हादसे की वजह वाहन का अनियंत्रित होकर खाई में गिरना बताया जा रहा है। घायलों और दबे हुए लोगों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए हैं।



