35,000 फीट की ऊंचाई पर स्पाइसजेट फ्लाइट की खिड़की का फ्रेम उखड़ा, यात्रियों में मचा हड़कंप गोवा से पुणे जा रही उड़ान में हादसा, सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने ली राहत की सांस

पुणे (शिखर दर्शन) // गोवा से पुणे जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विमान 35,000 फीट की ऊंचाई पर था और अचानक एक खिड़की का फ्रेम हवा में उखड़ गया। यह घटना मंगलवार को स्पाइसजेट की क्यू-400 (Q400) विमान में हुई, जिसमें 90 यात्री सवार थे।
उड़ान के दौरान जैसे ही खिड़की का आंतरिक फ्रेम ढीला हुआ और उखड़ गया, यात्री घबरा गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई यात्रियों ने भगवान को याद करना शुरू कर दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि यह केवल खिड़की का इंटीरियर विंडो फ्रेम था, जिससे विमान की सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
स्पाइसजेट एयरलाइन ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए बताया कि उड़ान के दौरान विमान की केबिन प्रेशर सामान्य बना रहा और यात्रियों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं हुआ। उखड़ा हुआ हिस्सा केवल आंतरिक सज्जा का भाग था, जो विंडो शेड के तौर पर कार्य करता है।
घटना के बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से पुणे एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयरलाइन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी कारणों का विश्लेषण किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर विमान में रखरखाव और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, स्पाइसजेट की त्वरित प्रतिक्रिया और फ्लाइट क्रू की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।