केजरीवाल का बड़ा ऐलान: आम आदमी पार्टी सभी 243 सीटों पर लड़ेगी बिहार विधानसभा चुनाव, किसी से नहीं होगा गठबंधन

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी अब बिहार विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से उतरेगी और सभी 243 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब पार्टी का किसी दल के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।
केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “INDIA गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था। अब आम आदमी पार्टी अपने बलबूते बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी।” उन्होंने गुजरात के विसावदर उपचुनाव का उदाहरण देते हुए कहा, “वहां हमने कांग्रेस से अलग होकर तीन गुना ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। यह जनता का साफ संदेश है कि अब विकल्प आम आदमी पार्टी है।”
उन्होंने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने कहा, “गुजरात में पिछले 30 वर्षों से भाजपा की सरकार है। इस राज्य की दुर्दशा के लिए वही जिम्मेदार है। सूरत में जो बाढ़ आई, वह प्राकृतिक नहीं, बल्कि मानवजनित थी – यह भाजपा के भ्रष्टाचार का परिणाम है।”
दिल्ली और पंजाब को लेकर भी उन्होंने भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “दिल्ली में हार-जीत होती रहती है, लेकिन पंजाब में फिर से हमारी सरकार बनेगी। युवाओं को रोजगार और किसानों को मदद देने में आम आदमी पार्टी प्रतिबद्ध है।”
वहीं, आम आदमी पार्टी के बिहार में उतरने की घोषणा पर भाजपा नेता अजय आलोक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “अब बिहार भी आजमाकर देख लीजिए, राजनीतिक हैसियत और औकात का अंदाजा हो जाएगा।” उन्होंने आम आदमी पार्टी पर पंजाब को “एटीएम” की तरह इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी पहली बार बिहार विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है, जिससे राज्य की राजनीति में नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है।