मध्यप्रदेश

महिला मॉक पार्लियामेंट में सीएम डॉ. मोहन और भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल, महाकाल दर्शन और कार्यकर्ता संवाद भी आज

भोपाल (शिखर दर्शन) // राजधानी भोपाल में आज गुरुवार को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा महिला मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे।

कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दिनभर की कार्यसूची बेहद व्यस्त रहने वाली है। दोपहर 12:30 बजे वे नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके पश्चात 1:30 बजे वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच नर्मदा नियंत्रण मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे आगामी योजनाओं की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल महिला मॉक पार्लियामेंट में शामिल होने के बाद दोपहर 2 बजे उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे देवास, सोनकच्छ, आष्टा और सीहोर में पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।

इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने आपातकाल की विभीषिका को याद करते हुए महिलाओं को राजनीतिक चेतना से जोड़ने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति से यह आयोजन और भी महत्वपूर्ण बन गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!