मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में आज दिनभर रहेंगे व्यस्त, महतारी वंदन योजना की 17वीं किस्त जारी, राजधानी में मंगल प्रवेश और कई आयोजन

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बुधवार का दिन मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में महत्वपूर्ण बैठकों और प्रशासनिक कार्यों में व्यस्तता के साथ बीतेगा। वे सुबह 11:30 बजे सिविल लाइन स्थित निवास से प्रस्थान कर 11:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक को राज्य के डिजिटल बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इसके पश्चात दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक वे कार्यालयीन कार्यों में लगे रहेंगे। शाम 5:25 बजे वे वापस निवास लौटेंगे।
इस बीच, राज्य सरकार ने ‘महतारी वंदन योजना’ की 17वीं किस्त भी जारी कर दी है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इस बार 69.23 लाख से अधिक महिलाओं को ₹647.66 करोड़ की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है। अब तक योजना के अंतर्गत ₹11081.68 करोड़ की राशि 17 माह में वितरित की जा चुकी है। विभाग ने हितग्राही महिलाओं से आग्रह किया है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट रखें, ताकि भुगतान में किसी तरह की बाधा न आए।
राजधानी में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां भी जोरों पर हैं। चातुर्मास प्रवास के लिए उपाध्याय प्रवर मनीष सागर महाराज का मंगल प्रवेश बुधवार सुबह हुआ। वे विवेकानंद नगर के श्रीज्ञान वल्लभ उपाश्रय में विराजमान हुए। प्रातः 7:30 बजे जैन समाज द्वारा एक भव्य वरघोड़ा भी निकाला गया, जो सदर बाजार स्थित जैन मंदिर से श्री संभवनाथ जिनालय तक गया।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पहल जारी है। शिवानी स्मृति सेवा संस्थान द्वारा पुरानी बस्ती के छत्रपति शिवाजी स्कूल में हिन्दी माध्यम स्कूल के 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए अकाउंट्स की निःशुल्क कोचिंग शुरू की गई है। वहीं समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ हॉल में सुबह 7 से 8 बजे तक निःशुल्क योग प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
तकनीकी समस्या के कारण बुधवार को मंत्रालय और संचालनालय में ई-ऑफिस नेटवर्क दिनभर रहा ठप। सामान्य प्रशासन विभाग ने एनआईसी नेटवर्क की तकनीकी गड़बड़ी के चलते कामकाज प्रभावित होने की जानकारी दी थी, जिसे शाम 4:52 बजे ठीक कर लिया गया।
इधर, राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जून से अगस्त 2025 तक दिए जाने वाले एकमुश्त चावल वितरण की समयसीमा बढ़ा दी है। अब यह राशन 31 जुलाई 2025 तक वितरित किया जा सकेगा। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर और सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।