रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। आज प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। भारी बारिश का मुख्य केंद्र उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र रहेगा।

पिछले 24 घंटों में सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभागों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में तापमान की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम 31.9 डिग्री सेल्सियस जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड क्षेत्र के आसपास एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है, जो धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। साथ ही ऊपरी हवा में भी चक्रीय परिसंचरण जारी है, जिससे बारिश की गतिविधियां और प्रबल हो रही हैं।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और छींटों की संभावना है। वहीं, कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस समय उत्तर छत्तीसगढ़ भारी वर्षा के मुख्य क्षेत्र के रूप में उभर रहा है।

रायपुर में आज का मौसम:
राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

प्रदेशवासियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग की सूचनाओं पर ध्यान दें और भारी बारिश से सतर्क रहें।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!