मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 96 घंटे तक ‘तूफानी बारिश’ का अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश (शिखर दर्शन) // प्रदेश में मानसून ने जोरदार वापसी की है और मौसम विभाग ने अगले 96 घंटे तक ‘तूफानी बारिश’ की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट के साथ भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के ऊपर से गुजर रहे टर्फ सिस्टम के कारण बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के कुल 24 जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है।
विशेष तौर पर इंदौर, उज्जैन, भिंड, मुरैना, शाजापुर, देवास, रतलाम, विदिशा, रायसेन, सागर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला जैसे जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, बालाघाट, टीकमगढ़, छतरपुर और पांढुर्ना में 4 इंच तक बारिश हो सकती है।
शिवपुरी और श्योपुर में अगले 24 घंटे में 8 इंच से अधिक बारिश होने का अनुमान है। भोपाल, जबलपुर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन सतर्क है।
सोमवार को भी प्रदेश के 20 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें गुना में सबसे ज्यादा 5.8 इंच बारिश हुई। नर्मदापुरम में 2.1 इंच और ग्वालियर में 1 इंच पानी गिरा। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, दमोह, खजुराहो, मंडला, सागर, सतना, टीकमगढ़, बालाघाट, बड़वानी, गुना, रायसेन, श्योपुर, अशोकनगर, मऊगंज आदि जिलों में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को आगामी 4 दिनों तक सतर्क रहने और भारी बारिश के चलते जलभराव और अन्य आपदाओं से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
=====================
