मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वाराणसी दौरे पर, कांग्रेस की रणनीति और मानसून सक्रिय, रायपुर में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। यह बैठक सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। इसके पहले मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन करेंगे। बैठक के बाद वे शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
सचिन पायलट का आज मीडिया से संवाद, कांग्रेस की बड़ी रणनीतियां होंगी साझा
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज उनका अंतिम दिन है। सोमवार को उन्होंने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मैराथॉन बैठकें लीं। आज सुबह 11:30 बजे वे मीडिया से रूबरू होंगे, जिसमें वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इस संवाद में वह 5 अहम बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी देंगे।
साइंस कॉलेज में बीएससी-बीसीए प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी
शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), रायपुर में बीएससी और बीसीए में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट आज 24 जून को जारी होगी। इस लिस्ट के आधार पर 28 जून तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। बीएससी बायो में 464, मैथ्स ग्रुप में 420 और बीसीए में 50 सीटों के लिए 6 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस राउंड में कुल चार लिस्टें जारी होंगी। यदि सीटें खाली रह गईं, तो दूसरा चरण 11 जुलाई से शुरू होगा।
इसी के साथ डिग्री गर्ल्स कॉलेज कालीबाड़ी और छत्तीसगढ़ कॉलेज की पहली लिस्ट पहले ही जारी हो चुकी है। रविवि से संबद्ध अन्य कॉलेजों की पहली लिस्ट 25 जून को आएगी और प्रवेश 8 जुलाई तक होंगे।
7 जुलाई को रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा स्वागत
कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन चलाने की तैयारी में है। इसके तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 7 जुलाई को रायपुर आएंगे। उनके साथ संगठन महासचिव वेणु गोपाल राव भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने बताया कि इस दौरान बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। बैठक में खाद, बीज की कमी, अवैध शराब बिक्री, स्कूलों की बंदी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और धान की खराबी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रभावी आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया है।
मानसून सक्रिय, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 26 जून से प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। आज कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
रायपुर शहर में आज के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम:
- दुर्गा सप्तशती पाठ: मां कामाख्या सेवा समिति द्वारा अम्बुवाची योग पूजा के अंतर्गत फोकटपारा फाफाडीह स्थित पट बंद मंदिर के बाहर सुबह 6 बजे से।
- अघोर महोत्सव: सिमरान समाज अधोरपीठ श्रीधाम सुमेरू मठ के तत्वावधान में प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मनसा तालाब के पास सुबह 4 बजे से श्रीसाधना यज्ञ, शक्ति योग ध्यान एवं पारद निर्मित रसेश्वर शिवलिंग का अघोराभिषेक।
- निःशुल्क योग प्रशिक्षण: गायत्री परिवार ट्रस्ट द्वारा समता कॉलोनी स्थित शक्तिपीठ के हॉल में सुबह 7 से 8 बजे तक।
