रायपुर संभाग

मेकाहारा अस्पताल में दिनदहाड़े चोरी: मरीज के परिजन का पर्स लेकर चंपत हुआ चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल (मेकाहारा) में दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। इलाज कराने आए एक मरीज के परिजन का पर्स चोरी हो गया, जिसमें दो मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद थे। चोर की यह करतूत अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

चोरी की यह घटना नवापारा, जिला रायगढ़ निवासी केवल साहू के साथ घटी, जो अपने मौसाजी के इलाज के सिलसिले में परिवार समेत मेकाहारा अस्पताल आए थे। केवल साहू ने मौदहापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अस्पताल परिसर में किसी अज्ञात युवक ने उनका पर्स पार कर दिया, जिसमें दो मोबाइल और नगद 40 हजार रुपये मौजूद थे।

वारदात के बाद जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो उसमें एक संदिग्ध युवक पर्स चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल मौदहापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। लोग अस्पताल की लचर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

_______________________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!