बिलासपुर संभाग

सूर्या एकेडमी और भाजपा की योग दिवस पर अनूठी पहल, सैकड़ों ने किया सामूहिक योग

बिलासपुर/सिरगिट्टी, 21 जून 2025 //
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित माँ शारदा मंदिर खेल मैदान में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूर्या एकेडमी और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, प्रशिक्षु और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रातः 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और सूर्य नमस्कार से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता दिनेश कौशिक ने की, जबकि संचालन योग प्रशिक्षक पी. कोट्टी रेड्डी सर और राजेन्द्र पाण्डेय ने किया। सहयोगी की भूमिका में पप्पू निर्मलकर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर “संकल्प से सिद्धि” अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित है। कार्यक्रम के मंडल सह संयोजक द्रोण सोनकलिहारी ने इसकी रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 12 के भाजपा पार्षद विजय सिंह मरावी की गरिमामय उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थितजनों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

योग सत्र के दौरान प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम और ध्यान जैसी विभिन्न योग विधियों का अभ्यास किया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक उन्नयन का माध्यम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना करते हुए भारत की गौरवशाली परंपरा पर गर्व प्रकट किया।

कार्यक्रम के दौरान माँ शारदा मंदिर खेल मैदान में निःशुल्क योग प्रशिक्षण देने वाले सूर्या एकेडमी के प्रशिक्षक पी. कोट्टी रेड्डी सर को भाजपा पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग के माध्यम से जीवन में अनुशासन, ऊर्जा, संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण आता है।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेश पासवान, गिरी राव, राहुल खरे, पवन छाबड़ा, सुदीप भट्टाचार्य, राजेन्द्र पाण्डेय, पप्पू निर्मलकर सहित क्षेत्रीय नागरिक, सूर्या एकेडमी के प्रशिक्षु बच्चे और अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य और योग के प्रति जनजागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और सामूहिक सहभागिता की एक प्रेरणादायक मिसाल भी साबित हुआ।

______________________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!