मुंबई लोकल में महिला यात्रियों के बीच खूनी झड़प, बाल खींचे, थप्पड़ बरसाए, सिर फूटने तक हुआ संघर्ष, वीडियो वायरल
मुंबई ( शिखर दर्शन ) // चर्चगेट से विरार जा रही महिला स्पेशल लोकल ट्रेन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महिला यात्रियों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई। 2 मिनट 5 सेकंड के वायरल वीडियो में दो महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचती, थप्पड़ मारती और बुरी तरह से झगड़ती नजर आ रही हैं। इस मारपीट में एक महिला के सिर से खून बहने लगा, जिससे कोच में हड़कंप मच गया।
यह घटना 19 जून को उस समय हुई जब महिलाएं ऑफिस से घर लौट रही थीं। लोकल ट्रेन की भीड़भाड़ में अक्सर सीट को लेकर कहासुनी होती है, लेकिन पश्चिमी रेलवे की इस महिला स्पेशल ट्रेन में हुआ विवाद बेहद हिंसक हो गया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कोच के गलियारे में दोनों महिलाएं एक-दूसरे को मारते हुए जोरदार झगड़ा कर रही हैं। इस दौरान आस-पास मौजूद कुछ यात्रियों ने हस्तक्षेप कर झगड़े को शांत करने की कोशिश की। कई महिलाएं उन्हें “छोड़ो-छोड़ो” कहते हुए बीच-बचाव करती नजर आईं।
हालांकि, झगड़े की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग इसे सीट को लेकर हुई तकरार या किसी निजी विवाद से जोड़ रहे हैं। वेस्टर्न रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद दोनों महिलाओं — ज्योति और कविता — को भायंदर रेलवे स्टेशन पर उतारकर आरपीएफ द्वारा भायंदर रेलवे पुलिस स्टेशन ले जाया गया। लेकिन दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया।
इस तरह की घटनाएं यह सवाल उठाती हैं कि मुंबई की लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के साथ-साथ सुरक्षा और शांति व्यवस्था को कैसे संभाला जाए।
—————————-
________________________________________________________________________________________________________________