MP Weather Update: मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय, सतना-रीवा संभाग में ऑरेंज अलर्ट, 49 जिलों में यलो अलर्ट जारी

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है और अब प्रदेशभर में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारी वर्षा के कारण कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के 49 जिलों को यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है।
ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और अन्य जिलों में भी अगले 24 घंटों के लिए यलो अलर्ट प्रभावी है।
तापमान में गिरावट, पचमढ़ी सबसे ठंडा
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। पचमढ़ी में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान मात्र 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रहा, जो प्रदेश का सबसे कम तापमान है।
इसके अलावा मलाजखंड, मंडला, गुना, सिवनी, छिंदवाड़ा, धार, उमरिया, बैतूल, रायसेन, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में पारा 30 डिग्री से नीचे ही बना रहा। वहीं सीधी में दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सावधानी की जरूरत
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में निचले क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर भी अलर्ट जारी कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
________________________________
