रायपुर संभाग

CG Weather Update: प्रदेशभर में बारिश की रफ्तार होगी धीमी, सरगुजा संभाग में भारी वर्षा और कई जिलों में वज्रपात का येलो अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से एक दिन पहले सरगुजा से रायपुर तक दस्तक तो दे दी है, लेकिन अब भी यह प्रदेश के मध्य हिस्सों में पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने की संभावना है। साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका रेखा उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मेघालय तक फैली हुई है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।

प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं, कुछ इलाकों में अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सरगुजा संभाग में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है—कुनकुरी में 160 मिमी., कुसमी में 150 मिमी., सामरी में 120 मिमी., बगीचा में 100 मिमी., मनोरा और जशपुर में 90 मिमी. और सन्ना में 80 मिमी. वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। दिन का तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

रविवार के बाद पूरे प्रदेश में वर्षा की तीव्रता में और कमी आने की संभावना है, जिससे बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी होती दिखाई दे रही है।

_______________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!