सेंट्रल जेल में पूर्व मंत्री लखमा से मिले भूपेश बघेल, स्वास्थ्य खराब होने पर जताई चिंता, बोले – समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता…
शराब घोटाले में बंद कवासी लखमा से मिले पूर्व सीएम भूपेश बघेल, स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने पर जताई नाराज़गी
ईडी ने 6.15 करोड़ की संपत्ति अटैच की, लखमा पर 72 करोड़ कमीशन लेने का आरोप
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और कारोबारी विजय भाटिया से बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर सेंट्रल जेल में मुलाकात की। इस दौरान बघेल ने दोनों की तबीयत को लेकर चिंता जताई और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोर्ट के निर्देश के बावजूद बंदियों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं, जो बेहद निंदनीय और अमानवीय है।
बघेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “समय बदलते देर नहीं लगती। सरकार व्यक्तिगत दुश्मनी निकाल रही है और जेल में बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं करवा रही।”
ईडी ने की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस दफ्तर समेत 6.15 करोड़ की संपत्ति अटैच
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में कवासी लखमा और उनके परिवार की संपत्तियों को अटैच किया है। इसमें सुकमा जिले में स्थित कांग्रेस का राजीव भवन भी शामिल है। ईडी ने लखमा परिवार की 5.47 करोड़ की निजी संपत्ति और सुकमा कांग्रेस कार्यालय की 68 लाख की संपत्ति मिलाकर कुल 6 करोड़ 15 लाख 75 हजार रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं।
72 करोड़ के अवैध कमीशन का आरोप
ईडी की जांच में सामने आया है कि कवासी लखमा ने कथित तौर पर शराब घोटाले में 72 करोड़ रुपये का मोटा कमीशन लिया है। इस सिलसिले में ईडी ने लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा से कई दौर की पूछताछ की थी। जांच के बाद ईडी ने इस अवैध कमाई से जुड़ी संपत्तियों को जब्त किया।
पूर्व मंत्री लखमा 15 जनवरी से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। इस मामले को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है।
___________________________________________________
