मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य विभाग पर कड़ा रुख अपनाया: मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध वाला आदेश तुरंत रद्द करने के आदेश, अधिकारियों को सख्त हिदायत, भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा न बनें
रायपुर (शिखर दर्शन) // सरकारी अस्पतालों में मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध लगाने वाले स्वास्थ्य विभाग के आदेश को सरकार ने वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आदेश पर गहरी नाराजगी जताई और इसे लोकतंत्र व पारदर्शिता के विरुद्ध बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार लगाई।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री को इस आदेश की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल प्रशासनिक स्तर पर आदेश रद्द करने के निर्देश दे दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति फिर से न बने, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने सहज और सौम्य स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं, लेकिन इस मामले में उन्होंने अपनी शैली से हटकर सख्त रुख अपनाया और अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश में सरकारी अस्पतालों में मीडिया के प्रवेश और रिपोर्टिंग पर कई तरह की बंदिशें लगाई गई थीं। इससे पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया था। विरोध में आदेश की प्रतियां जलाकर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी।
पत्रकारों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री उनके पक्ष में निर्णायक भूमिका निभाएंगे, और हुआ भी वही। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश को रद्द कर दिया, जिससे पत्रकारों और आम नागरिकों में राहत की भावना देखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम से यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।
______________________________________________________



