छत्तीसगढ़ में आज से नया शिक्षा सत्र शुरू, सीएम साय लेंगे विभागीय बैठकों की कमान, कांग्रेस करेगी डीईओ कार्यालय का घेरावरायगढ़ में बैज मिलेंगे बेघर परिवारों से, कृषि मंत्री नेताम की समीक्षा बैठक, शिवसेना नेता अडसूल के दौरे से राजधानी में हलचल

रायपुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ में आज सोमवार से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। प्रदेशभर के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जनप्रतिनिधियों से प्रवेश उत्सव में भाग लेने की अपील की है। साथ ही मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान की भी शुरुआत आज से की जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के संचालन का समय सुबह 7 से 11 बजे और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11:10 बजे सीएम हाउस से रवाना होकर मंत्रालय, महानदी भवन पहुंचेंगे, जहां वे दो पालियों में विभागीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। पहली बैठक सुबह 11:30 से दोपहर 2:00 बजे तक और दूसरी बैठक दोपहर 3:30 से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद वे शाम 5:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौट जाएंगे।
इधर कांग्रेस पार्टी आज से पूरे प्रदेश में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालयों का घेराव करने जा रही है। 16 से 25 जून तक विभिन्न जिलों में यह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह आंदोलन स्कूलों में हो रहे युक्तियुक्तकरण के विरोध में किया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस ने बीईओ कार्यालयों का भी घेराव किया था।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज रायगढ़ दौरे पर हैं। सुबह 10 बजे वे रायगढ़ पहुंचेंगे और नगर निगम की कार्रवाई से प्रभावित बेघर हुए परिवारों से मुलाकात करेंगे। नगर निगम द्वारा की गई तोड़फोड़ से कई लोग विस्थापित हुए हैं, जिनसे बैज उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
इधर कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी आज एक अहम विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। यह बैठक सुबह 10 बजे नवा रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में होगी। इसमें खाद-बीज की उपलब्धता, सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के निराकरण और राज्य-केंद्र सरकार की परिवर्तित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
राजधानी रायपुर में शिवसेना शिंदे गुट के राष्ट्रीय सचिव अभिजीत अडसूल के दो दिवसीय दौरे से सियासी हलचल तेज हो गई है। वे रविवार रात रायपुर पहुंचे और आज दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के दूसरे दिन 16 जून को वे राजधानी के प्रमुख चौराहों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।
– शिखर दर्शन समाचार डेस्क



