बिलासपुर संभाग

झपटमारी और चोरी का खुलासा: सरकंडा पुलिस ने महिला समेत चार आरोपियों को दबोचा, दो लाख के जेवर बरामद

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // सरकंडा पुलिस ने चोरी और झपटमारी के दो मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार झपटमार को गिरफ्तार कर एक पुराने चोरी के मामले का भी पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात चांटीडीह निवासी राममूर्ति साहू के साथ नया बैराज के पास झपटमारी की घटना हुई थी। दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल और गले की सोने की चेन छीन ली थी। मामले में सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 792/2025 दर्ज किया गया था। पहले आरोपी मनीष गंधर्व को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन उसका साथी अंकित साहू फरार चल रहा था।

7 जून को पुलिस को सूचना मिली कि अंकित साहू शनिचरी रपटा क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने की कोशिश कर रहा है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने न सिर्फ झपटमारी की बात कबूली, बल्कि अपने साथी अनीश मेमन के साथ चिंगराजपारा क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की।

अंकित ने बताया कि चोरी के जेवरों में से कुछ को उसने रतनपुर निवासी सुनार पंकज सोनी को 30 हजार में बेच दिया, जबकि बाकी जेवरात को अनीश मेमन ने अपनी मां शबाना बेगम के माध्यम से ग्रामीण बैंक में गिरवी रखवाया था। यह चोरी 5 जून को अनुपा साहू की शिकायत पर दर्ज अपराध क्रमांक 805/2025 के तहत सामने आई थी। पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़ते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रआर प्रमोद सिंह, प्रआर बलवीर सिंह, आरक्षक विवेक राय, विकास यादव, एसके पाटले और संजीव जांगड़े शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना की है। पुलिस ने बरामद जेवरात को जब्त कर मामले में विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!