नशे में धुत कार चालक ने मचाया कहर: दर्रीघाट में 4 को रौंदा, 1 की मौत, 3 गंभीर घायल
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्रीघाट के पास रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत कार चालक ने तेज रफ्तार कार से कई राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में चार लोग कार की चपेट में आ गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के दौरान अन्य लोग किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में घेराबंदी कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान कार से बीयर और शराब की कई बोतलें बरामद की गई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हादसे के वक्त चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। लोग प्रशासन से नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।



