मध्यप्रदेश

ईद-उल-अजहा पर भोपाल में अकीदतमंदी का नज़ारा: अमन, इंसाफ और सलामती की मांगी गई दुआएं

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व आज अकीदतमंदी और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह-सवेरे हजारों मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों और ईदगाहों में एकत्रित होकर नमाज अदा करने पहुंचे। भोपाल की ऐतिहासिक ईदगाह में शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद मुल्क की सलामती, अमन-चैन, इंसाफ की बहाली और बीमारों की शिफा के लिए खास दुआ की गई।

इस मौके पर शहर की मोती मस्जिद, जामा मस्जिद, मस्जिद बिल्किस जहां (आरिफ नगर) समेत अन्य मस्जिदों में भी समयानुसार नमाज अदा की गई। नमाज के बाद शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने अमन-ओ-अमान, अच्छी बारिश और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ मांगी।

ताजुल मसाजिद में मौलाना हस्सान साहब ने ईद की नमाज पढ़ाई और अपने खुतबे में सूफियों, ऋषि-मुनियों व बुजुर्गों की मोहब्बत की राह पर चलने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने मुल्क की सरहदों की हिफाजत और सलामती के दुश्मनों से सुरक्षा के लिए भी दुआ की।

पूरे शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म अदा की। ईद के इस मुबारक मौके पर सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और इंसानियत की मिसाल देखने को मिली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!