कोल्ड ड्रिंक और काजू-बादाम का शौकीन ‘पंजाबी बकरा’ बना जबलपुर की बकरा ईद की शान, कीमत 1.5 लाख रुपए
जबलपुर (शिखर दर्शन) //
बकरा ईद के खास मौके पर जबलपुर का एक अनोखा बकरा इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बहोराबाग के बकरा बाजार में लाया गया यह बकरा अपनी खास आदतों और शाही शौक की वजह से ‘पंजाबी बकरा’ नाम से मशहूर हो गया है। यह कोई आम बकरा नहीं, बल्कि ऐसा खास बकरा है जो काजू-बादाम और ड्राय फ्रूट्स खाता है और प्यास बुझाने के लिए ठंडी कोल्ड ड्रिंक पीता है — वो भी रोज़ाना 10 से 12 बोतलें।
130 किलो वजन, कीमत डेढ़ लाख रुपए
इस खास पंजाबी बकरे की उम्र करीब ढाई साल है और वजन 130 किलो से ज्यादा है। इसके मालिक मोहम्मद कुरैशी के मुताबिक यह बीटल नस्ल का बकरा है, जिसका वजन ढाई क्विंटल तक पहुंच सकता है। उन्होंने इसकी कीमत डेढ़ लाख रुपए तय की है। कुरैशी बताते हैं कि यह बकरा केवल हरे चारे पर नहीं, बल्कि सूखे मेवों और कोल्ड ड्रिंक पर पला-बढ़ा है।
लोग देख रहे हैं, खरीद कम कर रहे हैं
बकरा बाजार में यह पंजाबी बकरा लोगों के लिए एक बड़ी उत्सुकता का विषय बन गया है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसे देखने आ रहे हैं। ज्यादातर लोग इसे खरीदने नहीं, बल्कि यह जानने आते हैं कि आखिर एक बकरा कैसे कोल्ड ड्रिंक की कई बोतलें एक साथ पी सकता है।
बाजार में हैं कई खास नस्लों के बकरे
इस बार बकरा बाजार में केवल पंजाबी ही नहीं, बल्कि कोटा, गुलाबी हंसा, पहाड़ी, सुजात, अलवर, राजस्थानी और तोतापरी जैसी आठ प्रमुख नस्लों के बकरे लाए गए हैं। इनकी कीमतें 10 हजार से लेकर 1.5 लाख रुपए तक हैं। दुकानदारों के मुताबिक इस बार लोगों की जेब को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग बजट के बकरे लाए गए हैं ताकि हर कोई आसानी से कुर्बानी अदा कर सके।
बकरा ईद के अवसर पर जबलपुर का यह अनोखा ‘पंजाबी बकरा’ जहां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है, वहीं यह बकरा बाजार में रौनक भी बढ़ा रहा है।
