रायपुर संभाग

CG Morning News: मुख्यमंत्री साय आज कांकेर दौरे पर, राज्यपाल मड़वाडीह पहुंचेंगे, कांग्रेस का आंदोलन शुरू

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के कराठी में आयोजित “बुढ़ालपेन करसाड़ एवं मांदरी महोत्सव 2025” में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:05 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा कराठी के लिए रवाना होंगे और संबलपुर पहुंचकर पारंपरिक महोत्सव में भाग लेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1:25 बजे वे हेलीकॉप्टर से नवा रायपुर लौटेंगे और 2:05 बजे पुलिस मुख्यालय हेलीपैड पहुंचकर मंत्रालय, महानदी भवन जाएंगे। यहां वे दोपहर 3:30 बजे से 5:30 बजे तक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अहम समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक के उपरांत वे अपने निवास लौटेंगे।

राज्यपाल रमेन डेका आज फिंगेश्वर के मड़वाडीह गांव का करेंगे दौरा
राज्यपाल रमेन डेका आज गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत गोद लिए गए ग्राम मड़वाडीह का दौरा करेंगे। बीती रात राजिम में विश्राम के बाद वे सुबह 9 बजे गांव पहुंचेंगे। राज्यपाल प्राथमिक शाला परिसर में “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे। इस दौरान वे मड़वाडीह और आसपास के ग्राम बिजली के ग्रामीणों से मुलाकात कर ग्राम चौपाल के माध्यम से संवाद स्थापित करेंगे।

स्कूल युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कांग्रेस आज से आंदोलन करेगी शुरू
राज्य सरकार द्वारा स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के फैसले के विरोध में कांग्रेस आज से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू कर रही है। आंदोलन चार चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में सभी जिलों में प्रेस वार्ताएं आयोजित होंगी। दूसरे चरण में 9 जून को बीईओ कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। तीसरे चरण में जिले स्तर पर विरोध यात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि चौथे और अंतिम चरण में डीईओ कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। आंदोलन में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

“खारून दाई के आजादी” पदयात्रा का आज होगा समापन
रायपुर में खारून नदी की रक्षा हेतु निकाली गई पांच दिवसीय पदयात्रा का आज समापन होगा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और खारून तट के ग्रामीणों द्वारा 1 जून को सोमनाथ (सिमगा) से शुरू की गई यह यात्रा आज रायपुर के महादेव घाट पर हटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ समाप्त होगी। यात्रा का उद्देश्य नदी को प्रदूषण, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन से मुक्त कराना है।

जंगल सफारी में विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम
नवा रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता वॉक, वृक्षारोपण, और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जैसे आयोजन होंगे। इसमें स्कूली बच्चों, समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों की भागीदारी रहेगी। विजेताओं को प्रमाण पत्र और पर्यावरण-अनुकूल उपहार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम दीर्घकालिक जागरूकता की दिशा में एक प्रयास है।

10 सहायक संचालकों की हुई नई पदस्थापना, इन्द्रावती भवन में प्रशिक्षण जारी
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने राज्य सेवा परीक्षा 2023 के जरिए चयनित 10 सहायक संचालकों की नवीन पदस्थापना की है। इन्हें प्रशिक्षण के लिए नवा रायपुर स्थित इन्द्रावती भवन में संलग्न किया गया है। जिन अधिकारियों की नियुक्ति हुई है, उनमें किरण राजपूत (सरगुजा), दिव्यांश सिंह चौहान (जशपुर), उत्तम कुमार (कोण्डागांव), श्वेता कश्यप (रायपुर), यशवंत कुमार वर्मा (राजनांदगांव), त्रिलोक (कांकेर), विशाल (कोरबा), विजेंद्र एक्का (सूरजपुर), मुन्ना (दंतेवाड़ा) और सचिन कुमार निकुंज (बलरामपुर) शामिल हैं।

मुख्यमंत्री से डिक्की प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट, बिजनेस कॉन्क्लेव का दिया निमंत्रण
डिक्की छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उन्हें आगामी “डॉ. अंबेडकर बिजनेस कॉन्क्लेव” (28 जून 2025, रायपुर) का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। बैठक में राज्य की औद्योगिक नीतियों, SC/ST उद्यमिता, और संभावित ₹5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा हुई। डिक्की प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष अभिनव सत्यवंशी ने किया। उनके साथ मनीष बौद्ध, किशोर सिदार, नरेश बंजारे, आशीष पुरेना, देवानंद गेंदले और अनिकेत टंडन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!