आईएएस सौरभ कुमार को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, वित्त मंत्रालय में निदेशक पद पर हुई नियुक्ति

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी सौरभ कुमार को केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली स्थित वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग में निदेशक (Director) पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भारत सरकार की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति योजना (Central Deputation Scheme) के तहत की गई है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर दिल्ली में अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उनकी यह नियुक्ति अधिकतम पांच वर्षों के लिए की गई है या जब तक कोई अन्य आदेश न जारी हो—जो भी पहले हो।
जानिए कौन हैं आईएएस सौरभ कुमार
आईएएस सौरभ कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने बी.टेक (इलेक्ट्रॉनिक्स) की पढ़ाई प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (MNNIT) से की है। सिविल सेवा में आने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
वर्ष 2017 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों “नवाचार में उत्कृष्टता” (Excellence in Innovation) के लिए सम्मानित किया गया था। उस समय वे दंतेवाड़ा के कलेक्टर थे और उनके नेतृत्व में नक्सल प्रभावित पालनार गांव को देश का पहला कैशलेस गांव बनाया गया था। यह प्रयास नोटबंदी के बाद डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बना।
आईएएस सौरभ कुमार की यह नियुक्ति न केवल उनकी प्रशासनिक दक्षता को मान्यता देती है, बल्कि छत्तीसगढ़ कैडर के लिए भी गौरव का विषय है।
