सड़क हादसों में घायलों को अब तुरंत मिलेगा मुफ्त इलाज, लागू हुई ‘नगदी रहित उपचार स्कीम 2025’
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए एक राहतभरी पहल की है। राज्य में ‘सड़क दुर्घटना नगदी रहित उपचार स्कीम 2025’ को 5 मई से प्रभावी कर दिया गया है। इस योजना के तहत अब किसी भी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, दुर्घटना की तारीख से सात दिनों के भीतर यदि घायल व्यक्ति सूचीबद्ध अस्पताल में पहुंचता है, तो उसे अधिकतम ₹1,50,000 तक का इलाज नगदी रहित यानी मुफ्त प्रदान किया जाएगा। यह योजना प्रदेशभर में लागू की गई है और इसका उद्देश्य गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर इलाज दिलाकर उनकी जान बचाना है।
पुलिस मुख्यालय की अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) द्वारा सभी जिलों के कलेक्टरों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
देखिये पुलिस मुख्यालय से जारी पत्र –

सरकार की इस पहल से अब आमजन को सड़क दुर्घटना के बाद तात्कालिक इलाज के लिए किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा, जिससे घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ में समय पर चिकित्सा सहायता देकर उसकी जान बचाई जा सकेगी।

