भीषण गर्मी और बारिश का दोहरा असर: खजुराहो 46 डिग्री पर तप रहा, भोपाल-इंदौर समेत 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में इस समय मौसम दो अलग-अलग रूपों में दिखाई दे रहा है। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर खजुराहो समेत कुछ इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। सोमवार को जहां भोपाल और इंदौर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, वहीं खजुराहो का तापमान रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को घरों में कैद कर दिया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, मंडला, छतरपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, नीमच, धार, अलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम शामिल हैं।
प्रदेश में सक्रिय हैं सात मौसमीय सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में सात मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं। एक टर्फ लाइन मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है, जिसके चलते तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, दमोह, देवास, छिंदवाड़ा, गुना, सागर, रायसेन, बड़वानी, रतलाम, बीना और मऊगंज में कहीं तेज बारिश तो कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।
भीषण गर्मी से खजुराहो बेहाल, जारी हुआ येलो अलर्ट
खजुराहो सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री रहा, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार को खजुराहो के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिन में लू चलने की चेतावनी दी गई है, वहीं शाम तक तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है।
अगले 24 घंटे बेहद संवेदनशील
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के अचानक बदलाव की संभावना है। कहीं तेज गर्मी, तो कहीं आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
