कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी मामला: हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई, मंत्री विजय शाह ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
जबलपुर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विवादित बयान पर आज मध्य प्रदेश हाईकोर्ट अहम सुनवाई करेगा। मंत्री ने महू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की थी, जिस पर कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
हाईकोर्ट की दो जजों की खंडपीठ — जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अनुराधा शुक्ला — ने साफ शब्दों में कहा कि विजय शाह की टिप्पणियां न केवल संबंधित अधिकारी के लिए, बल्कि समूचे सशस्त्र बलों के लिए अपमानजनक और खतरनाक हैं। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए स्वत: संज्ञान लिया और राज्य सरकार को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
इस आदेश के पालन में बुधवार देर रात करीब 11 बजे इंदौर जिले के महू तहसील के मानपुर थाना क्षेत्र में मंत्री विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। यह एफआईआर राज्य शासन की ओर से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर कराई गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच विजय शाह ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने अपनी याचिका में जल्द सुनवाई की मांग भी की है। बताया जा रहा है कि मंत्री के इस्तीफे को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री निवास में देर रात महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें पार्टी हाईकमान के साथ वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श किया।
हाईकोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केस को सूची में पहले नंबर पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को भी इस प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस प्रकरण ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि सशस्त्र बलों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी तीव्र प्रतिक्रिया उत्पन्न की है। अब देखना होगा कि आज की सुनवाई में हाईकोर्ट क्या रुख अपनाता है और सुप्रीम कोर्ट में विजय शाह की याचिका पर क्या निर्णय आता है।
______________________________________________________
