रायपुर संभाग

9 महीने बाद लौटी लापता नाबालिग, बालिग होकर आई सामने; तलाश में पुलिस ने कब्र तक खोद डाली थी…

नौ महीने बाद रहस्यमयी ढंग से लौट आई युवती, अपहरण और हत्या की जांच में नया मोड़
गरियाबंद (शिखर दर्शन) // नौ महीने पहले रहस्यमयी ढंग से लापता हुई एक नाबालिग युवती अचानक अपने घर लौट आई है, जिससे पूरे मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। यह वही प्रकरण है, जिसमें पुलिस ने अपहरण और हत्या की आशंका में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया था, और उसकी निशानदेही पर एक कब्र तक खुदवाई गई थी।

अब युवती बालिग हो चुकी है और उसने पुलिस को बताया कि वह इस पूरे समय बालोद जिले में अपने एक रिश्तेदार के घर रह रही थी।

अपहरण के शक में 40 वर्षीय पड़ोसी गिरफ्तार

घटना अगस्त 2024 की है, जब ग्राम चलना पदर में अपनी बुआ के घर रह रही नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर देवभोग पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। कॉल डिटेल्स की जांच में गांव के ही 40 वर्षीय पड़ोसी लालधर गौड़ से बातचीत का सुराग मिला, जिसे पुलिस ने 31 जनवरी 2025 को हिरासत में लिया था।

कब्र से निकला 10 साल पुराना कंकाल

पुलिस पूछताछ में संदेही युवक गोलमोल जवाब देता रहा। हत्या की आशंका पर उसकी निशानदेही पर गांव के श्मशान में एक कब्र खुदवाई गई, जिसमें से एक कंकाल बरामद हुआ। जांच में वह कंकाल करीब 10 साल पुराना निकला, जिसके बाद जांच की दिशा बदल दी गई।

मंगलवार रात लौटी युवती, दर्ज होगा न्यायालय में बयान

13 मई की रात युवती अपने माता-पिता के पास पुरनापानी स्थित कुरलापारा पहुंच गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देवभोग थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह ने बताया कि युवती अब बालिग हो चुकी है और उसका बयान बीएनएस धारा 183 के तहत न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा।

न्यायालय के निर्देश के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवती के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आदिवासी समाज ने जताई थी नाराजगी, किया था थाने का घेराव

इस मामले में आरोपी बनाए गए लालधर गौड़ को लेकर आदिवासी विकास परिषद ने कड़ी आपत्ति जताई थी। 27 मार्च को लोकेश्वरी नेताम और संजय नेताम के नेतृत्व में देवभोग थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया गया था। आरोप लगाया गया कि पुलिस की पूछताछ के दौरान लालधर को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे उसका एक पैर भी टूट गया।

अब जब युवती खुद सामने आ चुकी है, पुलिस तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पूरा मामला अब न्यायालय के निर्देश और युवती के बयान पर टिका हुआ है।

____________________________________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!