मध्यप्रदेश

सीधी से CM मोहन यादव आज ट्रांसफर करेंगे लाड़ली बहनों के खाते में 1552 करोड़ रुपये, शाम तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 15 मई (गुरुवार) को रीवा और सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सीधी जिले की गोपदबनास तहसील से प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की मई माह की 24वीं किस्त के रूप में 1552 करोड़ 38 लाख रुपये ट्रांसफर करेंगे। प्रत्येक लाभार्थी को मासिक 1250 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में सीधे दी जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री 56 लाख 68 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 340 करोड़ रुपये और 25 लाख से अधिक महिलाओं के सिलेंडर रिफिलिंग की 57 करोड़ रुपये की राशि भी ट्रांसफर करेंगे। ये सभी राशि हितग्राहियों के खातों में आज एक साथ अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर 2:50 बजे सीधी जिले के धौहनी (मझौली नगर परिषद) में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

तिरंगा यात्रा में सीएम के साथ होंगे कई नेता

शाम 5 बजे भोपाल के रोशनपुरा चौराहा से शुरू होकर एमवीएम चौराहा तक निकाली जाने वाली बीजेपी की तिरंगा यात्रा में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हिस्सा लेंगे। इस यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता समेत शासकीय-अशासकीय संस्थानों के शिक्षक भी शामिल होंगे।

बेंगलुरु रोड-शो से मिले 7935 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

बुधवार को मुख्यमंत्री बेंगलुरु में हुए रोड-शो के इंटरेक्टिव सेशन में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न निवेशकों से 7935 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 18,975 नए रोजगार सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्यप्रदेश आने और उद्योग बढ़ावा देने का आह्वान किया।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!